धान विक्रय हेतु एग्रीस्टेक पंजीयन अनिवार्य
दुर्ग, 07 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभागीय प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने एग्रीस्टेक बटेक क्लेम पंजीयन पर जोर देते हुए राजस्व एवं सीसीबी के अधिकारियों को शिविर आयोजित कर छुटे हुए किसानों का पंजीयन कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी सह खातेदार (सह-स्वामियों) का पंजीयन अवश्य कराएं। धान विक्रय हेतु एग्रीस्टेक पंजीयन अनिवार्य है। संयुक्त खातेदारों में सभी सदस्यों का पंजीयन जरूरी है। पंजीयन के अभाव में मुख्य खातेदार भी धान नहीं बेच पाएंगे। उन्हाेंने विभागों में लंबित बिजली बिल की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को लंबित बिजली बिल का भुगतान विद्युत विभाग को शीघ्र करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले के नगरीय निकाय विगत माह की बिजली बिल के साथ लंबित बिलों के किस्ते भी जमा करते जाएं। जिले की किसी भी विभाग के कार्यालय में बिजली कटने की स्थिति नहीं आनी चाहिए। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण पर जोर देते हुए सीईओ जिला पंचायत को प्रकरण के निराकरण में प्रगति लाने आवश्यक पहल करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि ई-ऑफिस प्रक्रिया के तहत फाइल मुवमेंट में अधिक समय न लगाएं, अधिकारी स्वयं फाईल निपटाये। उन्होंने कहा कि पंचायत, राजस्व एवं नगरीय निकायों के साथ सभी विभागों के विकासखण्ड स्तरीय कार्यालयों में भी ई-ऑफिस प्रक्रिया प्रारंभ किया जा रहा है। संबंधित अधिकारी-कर्मचारी प्रक्रिया के तहत ऑनबोर्ड होना सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों की समय पर बायोमेट्रिक्स अटेंडेंस पर जोर देते हुए शासन द्वारा कार्यालय में उपस्थिति हेतु निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित किया जाए। आने वाले दिनों में शासन स्तर पर मॉनिटरिंग होनी है। इस दौरान उपस्थिति के संबंध में किसी भी प्रकार के कार्यवाही के लिए अधिकारी-कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
कलेक्टर श्री सिंह ने ई-एचआरएमएस के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली। जिन विभागों में ई-एचआरएमएस की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हुई है, उन्हें एनआईसी से संपर्क कर जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। बैठक में अवगत कराया गया कि विभागवार ई-एचआरएमएस डाटा अपडेट करने हेतु रोस्टर बनायी गई है, जिसके अंतर्गत विभाग के नोडल अधिकारी के साथ एक डाटा एन्ट्री ऑपरेटर को एनआईसी दुर्ग में निर्धारित तिथि में उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा गया है। बैठक में आयुष्मान कार्ड, वयवंदन कार्ड की प्रगति एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। विभागों में लंबित समय-सीमा प्रकरणों का निराकरण शीघ्र करने के निर्देश दिये गये।
बैठक में नगर निगम भिलाई की आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह, नगर निगम दुर्ग की आयुक्त सुश्री लीना कोसम, अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, एडीएम श्री विरेन्द्र सिंह, जिला पंचायत के सीईओ श्री बी.के दुबे, अपर कलेक्टर श्री हरवंश सिंह मिरी एवं श्रीमती सिल्ली थामस सहित सभी एसडीएम, जनपद सीईओ और समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।