कलेक्टर का अंदरूनी गांवों में सघन दौरा

सारंगढ़, 07 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड के अंदरूनी एवं ग्रामीण क्षेत्रों का सघन दौरा कर शैक्षणिक संस्थानों, आश्रम-छात्रावासों, निर्माणाधीन कार्यों तथा ग्रामीण विकास योजनाओं के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता को परखा, वहीं जर्जर भवनों, स्मार्ट क्लास, छात्रावासों और जल संरक्षण कार्यों का भी जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिक्षा, अधोसंरचना एवं ग्रामीण सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान शासकीय हाई स्कूल पिरदा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कक्षा 10वीं में 9 विद्यार्थी उपस्थित मिले। उन्होंने स्कूल भवन सहित परिसर में स्थित जर्जर भवनों का बारीकी से जायजा लिया। एक ही परिसर में संचालित प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूल के जर्जर भवनों के संबंध में कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को भवनों के डिस्मेंटलिंग एवं नवीन निर्माण के लिए आवश्यक एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पिरदा को धरती आबा जनजातीय ग्राम में शामिल किया गया है। कलेक्टर ने स्कूल परिसर में निर्माणाधीन स्मार्ट क्लास रूम का निरीक्षण करते हुए ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कन्या आश्रम में छात्राओं की सुविधाओं की जानकारी ली
इसके पश्चात कलेक्टर ने शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम पिरदा का निरीक्षण किया। यहां 34 छात्राएं निवासरत मिलीं। कलेक्टर ने आश्रम भवन, रसोईघर एवं निर्माणाधीन शौचालय भवन का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने आश्रम परिसर में स्थित जर्जर शौचालय भवन को डिस्मेंटल कर नवीन शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने रसोईघर पहुंचकर भोजन व्यवस्था की जानकारी ली तथा प्रतिदिन बच्चों के लिए तैयार किए जाने वाले भोजन के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

बच्चों से अंग्रेजी पाठ पढ़वाकर परखी शैक्षणिक गुणवत्ता

कलेक्टर ने शासकीय हाई स्कूल बोड़ा का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इसके पश्चात कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलिहा का निरीक्षण किया। कक्षा 8वीं में पहुंचकर उन्होंने विद्यार्थियों से ब्लैक बोर्ड पर लिखे अंग्रेजी शब्दों को पढ़वाया। कलेक्टर ने बच्चों से उपसर्ग एवं प्रत्यय लिखने को कहा और उनकी शैक्षणिक समझ का परीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों को नियमित, बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्कूल में लकड़ी से भोजन पकाए जाने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने एलपीजी गैस के माध्यम से भोजन पकाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल परिसर में विकसित किचन गार्डन का भी निरीक्षण किया।

बोड़ा में बच्चों से पूछे पहाड़े, कराया पुस्तक वाचन

बोड़ा में कलेक्टर ने रिचार्ज पिट एवं विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत किए गए तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल परिसर में प्राथमिक एवं हाई स्कूल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों से पहाड़े पूछे और पुस्तक वाचन कराया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पुस्तक पढ़कर सुनाई। कलेक्टर ने बच्चों की पढ़ाई में रुचि और शैक्षणिक गतिविधियों को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
स्कूल परिसर के समीप स्मार्ट क्लास रूम के लिए प्रस्तावित नवीन भवन का कलेक्टर की उपस्थिति में भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच एवं जनपद सदस्य भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने ठेकेदार को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए तीन माह के भीतर नवीन भवन तैयार करने के निर्देश दिए।

छुईहा में जल संरक्षण और सिंचाई व्यवस्था का लिया जायजा

ग्राम पंचायत छुईहा में कलेक्टर ने विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत निर्मित वाटर कोर्स का निरीक्षण किया। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्र से आने वाले पानी को नाली निर्माण के माध्यम से तालाब तक पहुंचाने की व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि इस जल संरचना के माध्यम से लगभग 900 एकड़ कृषि भूमि के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है। कलेक्टर ने व्यवस्था के बेहतर रखरखाव और इसका अधिकतम लाभ किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने तालाब में महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से मछली पालन गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण महिलाओं के लिए अतिरिक्त आय और रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकें।

गुणवत्ता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

कलेक्टर  पद्मिनी भोई साहू ने पूरे दौरे के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने, स्कूलों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई कराने तथा विद्यार्थियों एवं आश्रम-छात्रावासों में रहने वाले बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान बिलाईगढ़ एसडीएम प्रफुल्ल रजक, डिप्टी कलेक्टर राणा, तहसीलदार नीलिमा अग्रवाल, जनपद पंचायत सीईओ योगेश्वरी बर्मन, एपीओ शशिकांत, डीएमसी नरेश चौहान, एससी ट्राइबल विभाग के संचालक बद्री प्रसाद, पीओ किशन जायसवाल, टीए लकेश्वर जायसवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समाचार क्रमांक 000/ गुलाब डड़सेना//  फोटो एवं वीडियो संलग्न

About The Author