जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आम नागरिकों की समस्याएं

मुंगेली, 15 सितंबर 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट में आज आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं और मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदक से उनकी समस्या की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार एवं समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में ग्राम खैरवार खुर्द के श्री शशि कुमार ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पेंशन दिलाने, ग्राम लगरा के श्री राजेंद्र प्रसाद घृतलहरे ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, ग्राम बुधवार के श्री हेमिन खंडे ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय स्वीकृत कराने तथा ग्राम पालचुआ के श्री किशोर सप्रे ने ट्रांसफार्मर लगवाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर श्री तोपनो ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के साथ लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निराकरण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले। जनदर्शन के दौरान एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author