सेवा संकल्प अभियान जिले में 5.15 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य

मुंगेली, 15 सितंबर 2026/sns/- जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शासकीय सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। अभियान के तहत जिले में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर को जिले में 5.15 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अंतर्गत राशन कार्डधारी हितग्राहियों के घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही नगरीय निकायों, ग्रामीण क्षेत्रों तथा अभियान से जुड़े हितग्राहियों के घरों में भी दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत भवनों में 100-100 दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा तीनों विकासखंडों में चयनित 25 ग्रामों के प्रमुख स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम के तहत शत-प्रतिशत दीप प्रज्जवलित किया जाएगा। मुंगेली एवं लोरमी नगरीय निकाय क्षेत्रों में कुल 25 हजार दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम को जनभागीदारी के साथ उत्साहपूर्वक आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।

जिला मुख्यालय में बी.आर. साव स्कूल में होगा मुख्य आयोजन
जिला मुख्यालय मुंगेली में बी.आर. साव स्कूल परिसर में शाम 7 बजे से विशेष दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, हितग्राहियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने वाले हितग्राहियों को कार्यक्रमों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने बताया कि 17 सितंबर को जिले में ‘आशीर्वाद दीप’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जिलेभर में 5.15 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और अन्य निर्धारित स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों और आम नागरिकों की सहभागिता को बढ़ावा देते हुए जिले में सेवा, विश्वास और जनभागीदारी की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

About The Author