‘सेवा सेतु’ पोर्टल से छात्रा पोदिये का संवरा भविष्य

सुकमा, 12 सितम्बर 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में छत्तीसगढ़ सरकार की डिजिटल पहल आम नागरिकों और विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित हो रही है। इसी कड़ी में सुकमा जिले में “सेवा सेतु“ पोर्टल लोक सेवाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से आमजन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। ग्राम कुम्हाररास की कक्षा 9वीं की छात्रा पोदिये पोडियामी को जब अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए निवास प्रमाण पत्र की तत्काल आवश्यकता पड़ी, तो इस डिजिटल व्यवस्था ने उसकी राह बेहद आसान कर दी।
ग्राम कुम्हाररास निवासी स्वर्गीय देवा पोडियामी की पुत्री पोदिये, पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल सुकमा में अध्यनरत हैं। विद्यालय में अध्ययन कार्य के लिए उन्हें तत्काल निवास प्रमाण पत्र की जरूरत थी। तहसील कार्यालय सुकमा से आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी लेकर उन्होंने 20 अगस्त 2026 को “सेवा सेतु“ पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन दर्ज कराया। प्रशासन की तत्परता और पोर्टल की त्वरित कार्यप्रणाली का ही परिणाम रहा कि महज 3 कार्य दिवसों के भीतर उनका प्रमाण पत्र बनकर तैयार हो गया और उन्हें प्राप्त भी हो गया।
समय सीमा के भीतर दस्तावेज मिलने पर पोदिये ने राहत की सांस ली और प्रमाण पत्र को स्कूल में समय पर जमा कर अपनी पढ़ाई में आने वाले संभावित व्यवधान को टाल दिया। इतनी त्वरित सेवा पर आश्चर्य और खुशी जाहिर करते हुए छात्रा पोदिये ने कहा कि उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि सरकारी दस्तावेज इतने कम समय में बन जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों के हित में “सेवा सेतु“ पोर्टल जैसी पारदर्शी और सुगम व्यवस्था शुरू करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और सुकमा जिला प्रशासन का हृदय से आभार जताया है।

About The Author