सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से, घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दिया’
मुंगेली, 16 सितंबर 2026/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ सहित मुंगेली जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से होगी। इसके माध्यम से जनभागीदारी के साथ 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ सेवा, सुशासन और विकसित भारत /2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राही एवं नागरिक अपने घरों में दीप प्रज्वलित करेंगे। घर-घर जलने वाला यह दीप जनसेवा के प्रति आभार, शुभकामनाओं तथा सेवा एवं सुशासन के प्रति विश्वास का प्रतीक होगा। अभियान के माध्यम से जिले के अधिक से अधिक हितग्राहियों, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिला समूहों एवं ग्रामवासियों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से की सहभागी बनने की अपील
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले में विभिन्न जनभागीदारीमूलक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिला समूहों एवं ग्रामवासियों से सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से यह अभियान सेवा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता का प्रेरक संदेश बनेगा।
कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि 17 सितंबर को मुंगेली जिले में हर घर से सेवा और संकल्प की रोशनी जगमगाए, इसके लिए सभी नागरिक ‘आशीर्वाद का दिया’ प्रज्वलित कर अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान करें। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि “आशीर्वाद का दिया” जलाएं और सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाएं।