सेवा संकल्प अभियान: जिले के स्कूलों में मेरे सपनों का भारत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

मोहला, 18 सितंबर 2026/sns/- ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आज जिले के सभी विद्यालयों में मेरे सपनों का भारत- चित्र सेवा राष्ट्रव्यापी ड्राइंग का आयोजन किया गया।     यह आयोजन आगामी 03 अक्टूबर तक किया जाएगा, जिसके अंतर्गत चित्रकला, भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगा।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में जनसेवा के प्रति आभार की भावना विकसित करने, ‘विकसित भारत 2047’ की संकल्पना को समझने तथा केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। जिले में कुल 49,225 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें से लगभग 36,770 विद्यार्थियों ने पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने सेवा के 25 वर्ष, स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य, नक्सलवाद तथा नया कश्मीर जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता एवं रचनात्मक प्रतिभा को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से स्वच्छता, डिजिटल सशक्तिकरण, राष्ट्र सेवा, शांति एवं विकास तथा विकसित भारत की परिकल्पना को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यालयों को केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि जनजागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता का माध्यम बनाने की दिशा में भी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान की मूल भावना ‘सेवा से समृद्धि की ओर’ तथा ‘सेवा भी, शिक्षा भी—विकसित भारत की ओर’ है। प्रत्येक परिवार की सहभागिता और व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में 19 सितंबर 2026 को जिले के प्रत्येक विद्यालय में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। साथ ही आज आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, शाला विकास समिति के सदस्य एवं पालकगण शामिल होंगे। विद्यार्थी अगले 25 वर्षों के भारत, विकसित भारत 2047, नक्सल मुक्त भारत, महिला सशक्तिकरण तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभाव जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
विद्यालय एवं विकासखंड स्तर की गतिविधियों के बाद 28 सितंबर को प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर तथा 1 अक्टूबर 2026 को हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर पर विकासखंड स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके पश्चात 3 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विद्यालय स्तर पर संस्था प्रमुख, संकुल स्तर पर संकुल शैक्षिक समन्वयक तथा विकासखंड स्तर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी को नोडल दायित्व सौंपा गया है।

About The Author