रंगोली, दीयों की रोशनी और स्वच्छता के संकल्प से कबीरधाम में सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा का भव्य आगाज

कवर्धा, 19 सितंबर 2026/sns/- स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत कबीरधाम जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार जिले की ग्राम पंचायतों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया। इस आयोजन में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली स्वच्छता दीदियों एवं स्वच्छाग्रहियों की विशेष सहभागिता रही।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ग्राम पंचायत बिरकोना, तालपुर, बरपेलाटोला, रुसे, बिरेन्द्रनगर, खारा, समनापुर, जेवड़नकला सहित अन्य ग्राम पंचायतों में स्वच्छाग्रहियों द्वारा कचरा संग्रहण केन्द्रों में आकर्षक रंगोली बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। रंगोली, दीप प्रज्ज्वलन और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से ग्रामीणों को अपने गांव को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न जनजागरूकता एवं सहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्कूली बच्चों के साथ स्वच्छता रैली, ग्राम चैपाल एवं स्वच्छता संवाद, महिला स्वच्छाग्रहियों का सम्मान, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान अंतर्गत वृक्षारोपण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के संबंध में जागरूकता, श्रमदान एवं ग्रामीणों की सहभागिता, ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन एवं सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के संबंध में जनजागरूकता तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए घर-घर संपर्क अभियान प्रमुख रूप से शामिल हैं।

स्वच्छता से स्वस्थ जीवन और स्वरोजगार का संदेश

उल्लेखनीय है कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को स्वस्थ एवं बेहतर जीवन का आधार बनाने के साथ-साथ स्वच्छता से स्वरोजगार की संभावनाओं के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। स्वच्छता गतिविधियों में ग्रामीणों, स्वच्छाग्रहियों, महिला समूहों, स्कूली बच्चों एवं विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित कर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है।

About The Author