सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 1481 विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित
कवर्धा, 19 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों की कड़ी में आज 19 सितम्बर को जिले के चारों विकासखंडों के 1236 शासकीय विद्यालयों, 239 अशासकीय विद्यालयों एवं 06 अनुदान प्राप्त विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, सुशासन, जनभागीदारी एवं विकसित भारत /2047 की संकल्पना पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा, सहायक संचालक श्री नीलेश चन्द्रवंशी एवं एम.आई.एस. प्रशासक श्री सतीश कुमार यदु द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर बिरकोना, सरस्वती शिशु मंदिर गांगपुर, विवेकानन्द शिशु मंदिर खैरझिटी, शासकीय प्राथमिक शाला खैरझिटी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरका, शासकीय हाई स्कूल धौराबंद, श्री वाणी विद्या मंदिर खपरी एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इंदौरी का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों का अवलोकन कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में लगभग आधे विद्यार्थियों ने पिछले 25 वर्षों में देश द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों पर अपने विचार व्यक्त किए, वहीं आधे विद्यार्थियों ने आगामी 25 वर्षों में विकसित भारत की संकल्पना को लेकर अपने सपने, विचार एवं सुझाव साझा किए। विद्यार्थियों ने शाला विकास समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों के समक्ष अपने विचार रखते हुए संवाद स्थापित किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यालयों में गत दिवस आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी का पालकों, एसएमसी एवं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा स्व-सहायता समूह के सदस्यों ने अवलोकन किया और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। कुछ विद्यालयों में उत्सवपूर्वक न्योता भोज का आयोजन भी किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 19 सितम्बर को आयोजित कार्यक्रमों के सफल संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी सहित समस्त सहायक संचालक, जिला मिशन समन्वयक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, एपीसी, खंड स्त्रोत समन्वयक एवं संकुल शैक्षिक समन्वयकों द्वारा विद्यालयों की मॉनिटरिंग की गई। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, सुशासन एवं जनभागीदारी की भावना विकसित करना तथा ‘विकसित भारत /2047’ के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के विचारों से जोड़ना, उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में बाल एवं युवा शक्ति की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
प्रत्येक विद्यालय से चयनित उत्कृष्ट एक चित्रकला एवं एक भाषण प्रतियोगिता के प्रतिभागी प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता 28 सितम्बर 2026 को आयोजित होगी। वहीं हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्तर की प्रतियोगिता 01 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। जिला स्तरीय समस्त प्रतियोगिताओं का आयोजन 03 अक्टूबर 2026 को पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, सिग्नल चैक, कवर्धा में किया जाएगा। जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रत्येक विकासखंड से चयनित 05-05 प्रतिभागी तथा ड्राइंग प्रतियोगिता में प्रत्येक विकासखंड से चयनित 20-20 प्रतिभागी शामिल होंग।