सेवा संकल्प अभियान के तहत पुसौर में यूडीआईडी कार्ड के लिए विशेष शिविर152 दिव्यांगजनों का हुआ पंजीयन,
रायगढ़, 19 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद पंचायत पुसौर के मंगल भवन में यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के दिव्यांगजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 152 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया।
शिविर में जनपद पंचायत पुसौर की अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान एवं कृषि सभापति श्री मुक्तेश्वर पण्डा उपस्थित रहे। जनपद अध्यक्ष ने हितग्राहियों से चर्चा कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा उपस्थित चिकित्सकों से चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिविर में जिला चिकित्सालय रायगढ़ के जिला मेडिकल बोर्ड की चिकित्सकीय टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने पंजीयन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।
उपसंचालक समाज कल्याण श्री शिवशंकर पांडेय ने बताया कि शिविर में पंजीकृत दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से दिव्यांगजनों को उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायता एवं सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उन्हें शासकीय कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के दौरान जिले में दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं जरूरतमंद वर्गों के हित में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां निरंतर आयोजित की जाएंगी।