धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए 21 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित
रायगढ़, 19 सितम्बर 2026/sns/- धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत वन अधिकार अधिनियम के बेहतर क्रियान्वयन के लिए जिले की 16 ग्राम सभाओं में सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन योजना तैयार करने एवं क्रियान्वयन में सहयोग हेतु तकनीकी सहयोगी संस्था, सिविल सोसायटी ऑर्गेनाइजेशन एवं स्थानीय संस्थाओं से 21 सितम्बर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक संस्थाओं के लिए वन अधिकार अधिनियम, 2006 के क्रियान्वयन में कम से कम तीन वर्षों का अनुभव होना आवश्यक है। संस्था द्वारा ग्राम सभाओं को सामुदायिक वन संसाधन अधिकारों की मान्यता, दावा निर्धारण, पारंपरिक सीमाओं के सीमांकन एवं मानचित्रण तथा सामुदायिक वन संसाधनों के प्रबंधन में तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया हो।
आवेदक संस्था का सोसायटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 अथवा राज्य सोसायटी पंजीकरण के तहत सोसायटी, सार्वजनिक ट्रस्ट या कंपनी अधिनियम, 2013 के तहत गैर-लाभकारी संस्था के रूप में पंजीकृत होना आवश्यक है। साथ ही गत वर्ष तक वित्तीय ऑडिट पूर्ण एवं नीति आयोग के दर्पण पोर्टल में पंजीकरण होना अनिवार्य है। संबंधित ग्रामसभा द्वारा संस्था के नाम से लिखित अनुमोदन भी आवश्यक होगा। चयनित संस्था द्वारा ग्रामसभा की क्षमता विकास, वन भूमि सर्वेक्षण, संसाधनों एवं जैव विविधता की मैपिंग, लघु वनोपज प्रबंधन तथा सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति को तकनीकी सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक एवं पात्र संस्थाएं 21 सितम्बर तक कार्यालय कलेक्टर, आदिवासी विकास, रायगढ़ में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। संस्थाओं की पात्रता एवं क्षमता का परीक्षण कर चयन जिला स्तरीय निगरानी समिति के माध्यम से किया जाएगा। इस संबंध में अन्य विस्तृत जानकारी के लिए सहायक आयुक्त आदिवासी कार्यालय, रायगढ़ में संपर्क कर सकते है।