स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत-विकसित भारत की ओर कदम
मुंगेली, 22 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार मिशन वात्सल्य योजनांतर्गत बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई, बालगृह (बालक) एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 में “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम पर 02 अक्टूबर 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य बाल संरक्षण संस्थानों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करने के साथ बच्चों एवं आम नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के दौरान परिसर की साफ-सफाई, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजुला शर्मा ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप जिला बाल संरक्षण इकाई, बालगृह (बालक) एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 में स्वच्छता अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान बच्चों एवं संबंधित कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं आमजनों से स्वच्छता ही सेवा अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने तथा अपने आसपास के क्षेत्र के साथ-साथ व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने कहा गया।
अभियान के दौरान बाल संरक्षण संस्थानों से जुड़े बच्चों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। बच्चों को स्वच्छता के महत्व के साथ-साथ साफ-सफाई की आदतों को नियमित जीवनचर्या में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती अंजुबाला शुक्ला, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री आशीष मिश्रा, सदस्य श्रीमती नूरीता कौशिक, बाल कल्याण समिति के सदस्य तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।