शौचालय की सुविधा से आसान हुआ जीवन
मुंगेली, 23 सितंबर 2026/sns/- लोरमी विकासखंड के ग्राम कोसाबाड़ी निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर में निर्मित शौचालय सुविधा और स्वच्छता की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आया है। पहले घर में शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण परिवार को विशेषकर बरसात के मौसम में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब घर में ही शौचालय उपलब्ध होने से यह समस्या दूर हो गई है।
संतोष कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि घर में शौचालय बनने से परिवार को अब शौच के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। घर के भीतर ही सुविधा उपलब्ध होने से विशेष रूप से बारिश के दिनों में काफी सहूलियत मिली है। पहले बरसात के दौरान बाहर जाने में होने वाली परेशानी और असुविधा अब नहीं रहती। उन्होंने बताया कि शौचालय की सुविधा मिलने से परिवार में स्वच्छता, सुविधा और सुरक्षा की भावना बढ़ी है। स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में भी इस सुविधा की महत्वपूर्ण भूमिका है। संतोष कुमार विश्वकर्मा ने स्वच्छ भारत मिशन के संचालन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।