नल से पहुंचा पानी, बदली 166 परिवारों की जिंदगी

अम्बिकापुर, 24 सितम्बर 2026/sns/-  जिला मुख्यालय अम्बिकापुर से लगभग 61 किलोमीटर दूर विकासखंड सीतापुर की ग्राम पंचायत चलता के आश्रित ग्राम हर्राटिकरा में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। कभी पानी की तलाश में लंबी दूरी तय करने वाले ग्रामीणों के घरों तक अब नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है। गांव के 166 परिवारों के लिए यह बदलाव सुविधा के साथ-साथ नई उम्मीद और खुशहाली लेकर आया है।

पानी के लिए लंबी दूरी तय करने की समस्या हुई दूर-

हर्राटिकरा में कुछ समय पहले तक ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चुनौती पेयजल की उपलब्धता थी। गर्मी के दिनों में पानी की समस्या और भी गंभीर हो जाती थी। ग्रामीणों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए पानी जुटाने में काफी समय और मेहनत करनी पड़ती थी। अब जल जीवन मिशन के तहत गांव में हर घर नल से जल पहुंचने के बाद स्थिति में बदलाव आया। अब ग्रामीणों को पानी के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। पहले पानी लाने में लगने वाला काफी समय अब बच रहा है, महिलाएं इस समय का उपयोग घरेलू कार्यों, आजीविका से जुड़े कामों और परिवार की अन्य जरूरतों के लिए कर पा रही हैं।  

स्वच्छ पानी से बेहतर हुआ जीवन-
ग्राम पंचायत चलता के सरपंच श्री गुन्नू राम बताते हैं कि घरों तक स्वच्छ पानी पहुंचना ग्रामीणों के लिए बड़ी सुविधा है। उनके अनुसार नल से पानी मिलने के बाद ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी आसान हुई है और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आई है। स्वच्छ पानी मिलने से ग्रामीणों में साफ-सफाई और स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। घर में पानी की उपलब्धता के कारण ग्रामीण अब अपनी जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रहे हैं।

गांव की बदली तस्वीर-
स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता ने ग्रामीण जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाया है। गांव में स्वच्छता बढ़ी है और पानी को लेकर वर्षों से चली आ रही चिंता कम हुई है। जल जीवन मिशन के माध्यम से शत-प्रतिशत परिवारों तक नल से जल पहुंचने के बाद गांव में सुविधा, स्वच्छता और खुशहाली का नया माहौल बना है।

About The Author