सीएम हेल्पलाइन से मिली समाधान की राह, दिव्यांग अनूप का बना आधार कार्ड
अम्बिकापुर, 25 सितंबर 2026/sns/- शासन की जनसेवा व्यवस्था जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान का माध्यम बन रही है। ऐसी ही एक समस्या लुण्ड्रा विकासखण्ड के ग्राम तुरियाबिरा निवासी राजू गुप्ता के परिवार की थी। उनके 11 वर्षीय पुत्र अनूप गुप्ता का आधार कार्ड दिव्यांगता के कारण बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने से नहीं बन पा रहा था। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने के बाद भी लगातार प्रयासों में सफलता नहीं मिलने पर राजू गुप्ता ने सीएम हेल्पलाइन 1076 का सहारा लिया और 5 सितम्बर 2026 को उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराई।
आवश्यक दस्तावेज थे, बायोमेट्रिक में आ रही थी परेशानी
राजू गुप्ता ने शिकायत में बताया था कि वे बेटे अनूप का आधार नामांकन कराने बरगीडीह आधार केंद्र पहुंचे थे। उनके पास जन्म प्रमाण पत्र सहित आधार नामांकन के लिए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध थे, लेकिन अनूप की दिव्यांगता के कारण बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाई आ रही थी। इस कारण आधार नामांकन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। बेटे का आधार कार्ड नहीं बन पाने से परिवार लंबे समय से परेशान था। आधार नामांकन के लिए किए गए प्रयास सफल नहीं होने पर राजू गुप्ता ने अपनी समस्या सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शासन-प्रशासन तक पहुंचाई।
शिकायत मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने शुरू किए प्रयास
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के बाद प्रकरण संबंधित विभाग के पास पहुंचा। ई-जिला प्रबंधक स्तर पर मामले की जांच एवं आधार प्रक्रिया पूरी कराने के प्रयास किए गए। दिव्यांगता के कारण बालक को बायोमेट्रिक प्रक्रिया में कठिनाई हो रही थी। इसी वजह से बायोमेट्रिक लेने में सामान्य से अधिक समय लग रहा था और आधार प्रक्रिया के लिए कई बार प्रयास किए गए।
लगातार प्रयास रंग लाए, अनूप का बना आधार कार्ड
बालक की विशेष परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा आधार नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराने के प्रयास जारी रखे गए। अंततः बायोमेट्रिक संबंधी कठिनाई का समाधान करते हुए अनूप की आधार नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई और उसका आधार कार्ड बन गया। आधार कार्ड बनने के साथ ही राजू गुप्ता और उनके परिवार की लंबे समय से चली आ रही चिंता दूर हुई। अब अनूप को आधार से जुड़ी शासकीय सेवाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
बेटे का आधार बनने पर पिता ने जताई खुशी
राजू गुप्ता के बेटे का आधार कार्ड बन जाने पर खुशी व्यक्त करते हुए सीएम हेल्पलाइन 1076 तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत पर विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई की गई। प्रशासन और संबंधित विभाग के समन्वित प्रयासों से अनूप का आधार कार्ड बन जाने से परिवार को बड़ी राहत मिली है।