कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आकांक्षी विकासखंड लखनपुर का किया दौरा

अम्बिकापुर, 25 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने शुक्रवार को जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव के साथ आकांक्षी विकासखंड लखनपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दूरस्थ एवं पहाड़ी कोरवा बाहुल्य ग्राम पंचायतों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, पीएम-जनमन, प्रधानमंत्री आवास, सड़क, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया।

कलेक्टर श्री वसंत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के दूरस्थ एवं पहाड़ी कोरवा बाहुल्य क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति एवं परिवार तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने कहा। इस दौरान एसडीएम उदयपुर श्री फागेश सिन्हा, तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

पहाड़ी कोरवा परिवारों से किया संवाद, पीडीएस भवन के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश-

कलेक्टर श्री वसंत ने ग्राम पंचायत लब्जी में पहाड़ी कोरवा बसाहट पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकता एवं समस्याएं जानीं। ग्रामीणों द्वारा पीडीएस भवन की मांग रखे जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को 15 दिवस के भीतर प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने तथा कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभों की जानकारी ली। ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को  आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया।

ग्राम पंचायत लोसगी में स्थानीय ग्रामीणों से संवाद के दौरान ग्रामीण द्वारा पेंशन से संबंधित समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी गई। कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को पात्रता के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर पेंशन प्रकरण पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीएम-जनमन अंतर्गत पहाड़ी कोरवा आवास हितग्राहियों से बात करते हुए उन्होंने आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए हितग्राहियों को प्रोत्साहित किया। ग्रामीणों से पेंशन एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त होने की स्थिति की भी जानकारी ली गई तथा समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण-

कलेक्टर श्री वसंत ने ग्राम पंचायत लोसगी के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पोषण माह एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बच्चों को दिए जा रहे पोषण एवं पूरक पोषण आहार की जानकारी ली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों की दर्ज संख्या, नियमित उपस्थिति तथा केंद्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा एवं केंद्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आंगनबाड़ी केंद्र की खिड़कियों में जाली लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही भोजन तैयार करने की समुचित व्यवस्था के लिए गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए तथा केंद्र में विद्युत व्यवस्था की आवश्यकता पर भी आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने कहा।
उन्होंने लेदराडांड आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की दर्ज संख्या, नियमित उपस्थिति तथा उन्हें दिए जा रहे पोषण एवं पूरक पोषण आहार की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं एक्सपायरी तिथि की नियमित जांच की जाए और किसी भी स्थिति में एक्सपायरी सामग्री बच्चों को वितरित न हो।

शिक्षा व्यवस्था का जायजा लेने विभिन्न विद्यालयों का किया निरीक्षण-

इस दौरान शिक्षा व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया।उन्होंने लोसगी माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ एवं परीक्षा की तैयारियों के संबंध में बातचीत की।कलेक्टर ने बच्चों को केवल पाठ याद करने के बजाय विषय को अच्छी तरह समझकर पढ़ने, नियमित अभ्यास करने और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों को भी प्रत्येक विषय को बच्चों को सरल एवं रुचिकर तरीके से समझाने, उनकी शंकाओं का समाधान करने तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत लब्जी में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों, मध्यान्ह भोजन तथा विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने विद्यालयीन बच्चों को चिरायु कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यकतानुसार उपचार की सुविधा मिल रही है या नहीं, इसकी जानकारी ली।

विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का किया निरीक्षण-

दौरे के दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने लेदराडांड में निर्माणाधीन नवीन प्राथमिक शाला भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम पंचायत लब्जी में पीएम-जनमन सड़क सहित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों से कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए दूरस्थ एवं पहाड़ी कोरवा बसाहटों तक मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।

एमपीसी भवन का किया निरीक्षण, लापरवाही पर ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश-

ग्राम पंचायत लब्जी में निर्माण पूर्ण हो चुके एमपीसी भवन का निरीक्षण कर भवन की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं एवं भविष्य में इसके उपयोग के संबंध में विभागीय अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान भवन में सीपेज की समस्या पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर समस्या का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही विकासखंड चिकित्सा अधिकारी को एमपीसी भवन में आगामी दिनों में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने कहा गया। भवन का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए यहां सीएलएफ की बैठक, बिहान योजना की गतिविधियां एवं अन्य विभागीय गतिविधियां संचालित करने की संभावनाओं पर भी कार्य करने के निर्देश दिए गए।

कटिंदा उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण, नवीन भवन के लिए  प्रस्ताव तैयार करने दिए निर्देश-

कलेक्टर ने कटिंदा उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उपस्थित एएनएम से आसपास के ग्रामों में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं अन्य स्वास्थ्य गतिविधियों की जानकारी ली गई। उप स्वास्थ्य केंद्र के वर्तमान जर्जर भवन की स्थिति को देखते हुए जर्जर भवन को हटाकर नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

लब्जी की प्राकृतिक जलधारा में पर्यटन विकास की संभावनाओं का किया अवलोकन-

इस दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने लब्जी क्षेत्र में स्थित प्राकृतिक जलधारा का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्थल की प्राकृतिक सुंदरता एवं विशेषताओं की जानकारी लेते हुए इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने की संभावनाओं का जायजा लिया।

About The Author