2 अक्टूबर से गांव-गांव में ‘रिफॉर्म उत्सव’, ग्राम सभा बनाएगी विकास का रोडमैप
अम्बिकापुर, 01 अक्टूबर 2026/sns/- सरगुजा जिले में गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर से ‘रिफॉर्म उत्सव’ के साथ विकसित ग्राम पंचायत प्लान (VGPP) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होगी। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जन योजना अभियान (PPC) के साथ जिले की सभी 439 ग्राम पंचायतों में यह प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
ग्राम सभा को गांव के विकास की प्राथमिकताएं तय करने का प्रमुख मंच बनाया गया है। ग्रामीण गांव की जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों, विकास की कमियों, रोजगार और आजीविका के अवसरों तथा जरूरी कार्यों की पहचान करेंगे। इन्हीं सुझावों के आधार पर पंचायत की आगामी विकास योजना तैयार की जाएगी।
125 दिवस रोजगार सहित 8 बिंदुओं पर होगा संवाद
ग्राम सभाओं में विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी (VB-G RAM G) अधिनियम 2025 के तहत 125 दिवस रोजगार की वैधानिक गारंटी, 15 दिन में रोजगार, समय पर मजदूरी भुगतान तथा गांव की जरूरत के अनुरूप 375 अनुमेय कार्यों की जानकारी दी जाएगी।
जल सुरक्षा, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका एवं आपदा न्यूनीकरण के कार्यों के साथ विभिन्न योजनाओं के अभिसरण पर चर्चा होगी। लखपति दीदी एवं अन्य आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने, संतृप्ति आधारित योजना तैयार करने और पंचायतों में लगाए गए क्यूआर कोड के माध्यम से जानकारी के प्रसार पर भी जोर रहेगा। ग्राम सभा में पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
दिसंबर में अनुमोदन, 15 जनवरी तक समेकित होगा प्लान
2 अक्टूबर की ग्राम सभा में योजना की प्रक्रिया, आधारभूत आंकड़ों, GIS मैप और 375 अनुमेय कार्यों की जानकारी देने के साथ मौजूदा परिसंपत्तियों का जमीनी सत्यापन किया जाएगा। अक्टूबर-नवंबर में वार्ड और बसाहट स्तर पर सहभागी ग्रामीण मूल्यांकन (PRA), परामर्श एवं स्थल सत्यापन होगा।
दिसंबर में VGPP का प्रारूप ग्राम सभा में अनुमोदन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद ब्लॉक एवं जिला स्तर पर योजनाओं का समेकन कर 15 जनवरी 2027 तक प्लान को VB-G RAM G Soft पर अपलोड किया जाएगा।
जिला पंचायत द्वारा सभी जनपद पंचायत सीईओ, कार्यक्रम अधिकारियों, सचिवों, रोजगार सहायकों एवं तकनीकी सहायकों को पूरी प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया है।