सेवा सेतु शिविर में 443 लोगों की हुई निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, 93 को मिला चश्मा

बलौदाबाजार, 1 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत कृषि उपज मंडी परिसर पनगांव, बलौदाबाजार में आयोजित सेवा सेतु शिविर में नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। कलेक्टर  कुलदीप शर्मा के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में विशेष स्वास्थ्य जांच कैंप आयोजित किया गया।

शिविर में कुल 443 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के उपरांत आवश्यकता वाले 93 लोगों को निःशुल्क चश्मा प्रदान किया गया। वहीं एक्स-रे के माध्यम से 273 लोगों की निःशुल्क टीबी स्क्रीनिंग की गई। स्क्रीनिंग के दौरान संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं आगे की जांच के लिए मार्गदर्शन दिया गया।

स्वास्थ्य जांच कैंप में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था की गई थी। दंत रोग, स्त्री रोग, अस्थि रोग तथा ईएनटी (नाक, कान एवं गला) के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचकर मरीजों की जांच की और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।

सेवा सेतु शिविर के माध्यम से नागरिकों को उनके नजदीक ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, चश्मा एवं टीबी स्क्रीनिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

About The Author