एक हाथ में बंदूक, दूसरे में जीवनदान: सीआरपीएफ जवानों ने पेश की मानवता की मिसाल
सुकमा, 30 अक्टुबर 2026/sns/- देश और समाज की सुरक्षा में दिन-रात मुस्तैद रहने वाले सीआरपीएफ जवानों ने मानव सेवा की एक और मिसाल पेश की। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में जिला प्रशासन, जिला स्वास्थ्य समिति, जिला रेडक्रॉस सोसायटी एवं जिला अस्पताल सुकमा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को दो वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। दोरनापालदृदेवरापल्ली स्थित 131 सीआरपीएफ कैंप में 33 यूनिट तथा दोरनापाल स्थित 74 सीआरपीएफ कैंप में 28 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। दोनों शिविरों में कुल 61 यूनिट रक्त का संग्रहण हुआ।
एक हाथ में सुरक्षा की जिम्मेदारी, दूसरे हाथ से जीवनदान
नक्सल प्रभावित सुकमा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में कठिन परिस्थितियों में तैनात सीआरपीएफ जवानों ने सुरक्षा ड्यूटी के साथ रक्तदान कर सेवा और समर्पण का अनूठा संदेश दिया। जवानों का यह योगदान गंभीर मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों, गर्भवती माताओं, बच्चों और आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की जरूरत वाले मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। शिविर में जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए साबित किया कि देश और समाज की सुरक्षा के साथ जरूरतमंदों का जीवन बचाने में भी उनका योगदान महत्वपूर्ण है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण, हीमोग्लोबिन जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के बाद सुरक्षित रूप से रक्त संग्रहित किया। रक्तदान के पश्चात रक्तदाताओं को आवश्यक देखभाल एवं चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने सीआरपीएफ अधिकारियों और जवानों के इस मानवीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।
सेवा संकल्प अभियान 2026 का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है। इसी भावना के अनुरूप आयोजित इन दोनों रक्तदान शिविरों ने सेवा और समर्पण का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। जिला प्रशासन, जिला स्वास्थ्य समिति, जिला रेडक्रॉस सोसायटी एवं जिला अस्पताल सुकमा ने 131 एवं 74 सीआरपीएफ के अधिकारियों और रक्तदाता जवानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आम नागरिकों एवं युवाओं से भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। संदेश साफ है आज दिया गया रक्त, कल किसी की जिंदगी बचा सकता है।