“1 दिन, 1 घण्टा, 1 साथ“ के संकल्प से गूंजा जिला, जन-जन ने किया श्रमदान
सुकमा, 30 अक्टुबर 2026/sns/-“सेवा संकल्प अभियान“ तथा “स्वच्छता ही सेवा: स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत“ अभियान के अंतर्गत आज सुकमा जिले में व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया। 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस माहव्यापी अभियान के तहत, कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले के सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में “1 दिन, 1 घण्टा, 1 साथ श्रमदान गतिविधियों“ का प्रभावशाली आयोजन हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वच्छता की शपथ ली। जिला मुख्यालय में मुख्य कार्यक्रम जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर के नेतृत्व में संपन्न हुआ। मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर कुम्हाररास और जिला चिकित्सालय में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे, नगर पालिका अध्यक्ष श्री हुंगाराम मरकाम, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती भुवनेश्वरी यादव, डिप्टी कलेक्टर सुरज कश्यप, सीएमओ डॉ. भुवन विजय कुर्रे, सिविल सर्जन डॉ. एम.आर. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी व जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जिला अस्पताल परिसर, कलेक्ट्रेट परिसर तथा जिला पंचायत कार्यालय परिसर में सघन साफ-सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिलेवासियों से स्वच्छता को केवल एक दिन का कार्य न मानकर अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने और हमेशा सजग रहने की अपील की। इसके साथ ही सभी उपस्थित नागरिकों व कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई, जिससे जिले को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने का संदेश जन-जन तक पहुँचा।