वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर, उनके अनुभव से नई पीढ़ी को मिलती है दिशा: विधायक श्री मोहले
मुंगेली, 01 अक्टूबर 2026/sns/- अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरूवार को जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों का शाल व श्रीफल से सम्मान करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की। समारोह के दौरान 500 वरिष्ठ नागरिकों एवं 30 दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्रायसायकल, सामान्य ट्रायसायकल, श्रवण यंत्र, बैसाखी सहित अन्य सहायक सामग्री तथा विवाह प्रोत्साहन, उच्च शिक्षा प्रोत्साहन एवं एक सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी भी ली गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने वरिष्ठ नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे परिवार और समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके जीवन का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा वृद्धजनों के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र वृद्धजनों को पेंशन के साथ राशन, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन योजना जैसी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। आवश्यकता के अनुसार ट्रायसायकल, छड़ी, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर एवं बैसाखी जैसी सहायक सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है। विधायक ने कहा कि शासन-प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जा रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना हमेशा बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों ने अपने जीवन में अनेक परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना किया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज में गुरु की तरह होते हैं तथा उनके पास अनुभव का अमूल्य खजाना होता है। नई पीढ़ी को उनके अनुभवों से सीख लेकर समाज और देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि शासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के हित में अनेक योजनाएं एवं सुविधाएं संचालित की जा रही हैं। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि पात्र वरिष्ठ नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर और सहज रूप से मिले। उन्होंने कहा कि केवल योजनाओं का संचालन पर्याप्त नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित करना भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वरिष्ठजनों को शासन की योजनाओं की सरल एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए।
साइबर सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही वरिष्ठजनांे को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया और बेहतर राष्ट्र निर्माण में सहभागिता निभाने आह्वान किया गया। समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक श्री नदीम काजी ने कहा कि वरिष्ठजनों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय परिवार, समाज और देश की सेवा में समर्पित किया है। उनके योगदान और अनुभव को सम्मान देना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से इनका लाभ लेने का आग्रह किया।
समारोह में वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल साक्षरता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा दिव्यांगजनों एवं सहायक उपकरणों से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, जिला अध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी, श्री पवन पाण्डेय, जनपद सदस्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री अशोक सोनी ने मंच संचालन किया।