सेवा संकल्प अभियान के तहत नवीन शासकीय महाविद्यालय चिल्हाटी में ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक का आयोजन
मोहला, 01 अक्टूबर 2026/sns/-सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत नवीन शासकीय महाविद्यालय चिल्हाटी में ‘नमो सेवा गाथा’ विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक, नृत्य एवं प्रभावी संवादों के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों में 25 वर्षों की सेवा यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राष्ट्र निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन के जीवन में जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच के महत्व को भी प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और विद्यार्थियों की प्रतिभा को खूब सराहना मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य एवं जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुशील गावरे उपस्थित रहीं। विशेष अतिथि श्री उदय राम साहू, जनपद सदस्य श्री श्यामलाल चंद्रवंशी एवं ग्राम पंचायत चिल्हाटी की सरपंच सुश्री डिंपल मंडावी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. आर. रावटे ने की। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी केवल शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने सेवा, समर्पण एवं विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया तथा छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।