सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन
मोहला, 01 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जिले के विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति एवं सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मोहला, मानपुर एवं अंबागढ़ चौकी विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार प्रतियोगिता में जिले के तीनों विकासखंडों से कुल 184 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें मोहला विकासखंड के 62, मानपुर के 50 तथा अंबागढ़ चौकी विकासखंड के 72 विद्यालय शामिल रहे। प्रतियोगिता के अंतर्गत चित्रकला एवं भाषण, दोनों विधाओं में हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। चित्रकला प्रतियोगिता में हाई स्कूल के 41 तथा हायर सेकेंडरी स्तर के 51 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसी प्रकार भाषण प्रतियोगिता में हाई स्कूल के 41 तथा हायर सेकेंडरी स्तर के 51 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस प्रकार कुल 184 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में सहभागिता की। विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन एवं आयोजन को सफल बनाने में पालक, नागरिकों तथा जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता, विचारों और अभिव्यक्ति को मंच देने के साथ ही सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।