सेवा की कहानी: सेवा सेतु शिविर ने आसान की मनोज की राह, मिला श्रमिक कार्ड
मोहला, 1 अक्टूबर 2026/sns/- शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सहज और स्थानीय स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु अभियान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ उनके गांव के नजदीक ही उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम वासडी में आयोजित सेवा सेतु शिविर मनोज के लिए राहत और सुविधा लेकर आया। ग्राम वासडी निवासी मनोज को शिविर में श्रमिक कार्ड प्रदान किया गया। श्रमिक कार्ड के लिए आवश्यक प्रक्रिया शिविर में ही पूरी होने से उन्हें संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। कार्ड प्राप्त होने के बाद अब मनोज के लिए शासन द्वारा श्रमिकों के हित में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने का रास्ता आसान हो गया है। श्रमिक कार्ड हाथ में मिलने के बाद मनोज ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि गांव में ही आयोजित शिविर से उन्हें बड़ी सुविधा मिली। उन्होंने बताया कि शासकीय योजना का लाभ लेने के लिए कार्यालय जाने और प्रक्रिया की जानकारी जुटाने की चिंता अब दूर हुई है। शिविर में उनकी आवश्यकता को समझते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें श्रमिक कार्ड उपलब्ध कराया गया। मनोज ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।