कृषि विज्ञान केंद्र सुकमा ने चलाया स्वच्छता जागरूकता अभियान
सुकमा, 03 अक्टुबर 2026/sns/-राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत कृषि विज्ञान केंद्र, सुकमा द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारतदृविकसित भारत” थीम के साथ विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री राजेन्द्र प्रसाद कश्यप के मार्गदर्शन में चले अभियान में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और कृषि अपशिष्ट के उचित प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। अभियान की शुरुआत कृषि विज्ञान केंद्र परिसर की साफ-सफाई, कचरा संग्रहण एवं उचित निपटान के साथ हुई।
पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम के तहत कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में आम एवं नारियल के पौधों का रोपण किया गया तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया। ग्राम पंचायत मुरतोण्डा में ग्रामीणों के साथ श्रमदान कर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और कचरे के उचित निपटान का संदेश दिया गया। वहीं, शासकीय प्राथमिक शाला कानकीपारा में विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने की सही विधि, कचरा प्रबंधन और स्वच्छ परिसर के महत्व की जानकारी दी गई।
ग्राम पंचायत पोरदेम के आश्रित ग्राम नागलगुडा में ग्रामीणों के साथ कृषि अपशिष्ट प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। किसानों को फसल अवशेष एवं जैविक कचरे को जलाने के बजाय उससे कम्पोस्ट और जैविक खाद तैयार कर कृषि में उपयोग करने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही नगर पालिका क्षेत्र एवं कलेक्टर परिसर, सुकमा में आयोजित स्वच्छता गतिविधियों में भी कृषि विज्ञान केंद्र की टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया।
अभियान के दौरान वैज्ञानिक डॉ. परमानंद, डॉ. योगेश कुमार सिदार, डॉ. गुंजेश्री गोंड, डॉ. संजय सिंह राठौर एवं श्री ज्योतिष पोटला सहित कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। अभियान के माध्यम से कृषि विज्ञान केंद्र ने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा कृषि अपशिष्ट का उपयोगी प्रबंधन करने का संदेश दिया। साथ ही सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सभी से योगदान देने का आह्वान किया।