प्रधानमंत्री श्री मोदी के विजन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन से विकसित हो रहा छत्तीसगढ़-अध्यक्ष श्री तोमर

कवर्धा, 05 अक्टूबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन से छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को सही दिशा देकर उन्हें राष्ट्र एवं समाज के नव निर्माण में सहभागी बनाना आवश्यक है। श्री तोमर आज सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम कवर्धा में आयोजित ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कौशल चंद्रवंशी, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, श्रीमती रेखा पाण्डेय जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी खेल अधिकारी सुश्री रुचि शार्दूल, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री चेतन साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय मरकाम सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा ‘युवा उड़ान 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों तथा जिले के स्व-सहायता समूहों को 17 करोड़ रुपये से अधिक की बैंक क्रेडिट लिंकेज राशि उपलब्ध कराने में योगदान देने वाली बिहान की दीदियों एवं बैंकर्स का भी सम्मान किया गया। इस दौरान चित्रकला, भाषण और नुक्कड नाटक का जीवंत प्रस्तुति दी गई।

युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा राष्ट्र निर्माण की शक्ति-श्री तोमर

मुख्य अतिथि श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने युवाओं को देश का भविष्य एवं महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक, रचनात्मक एवं सृजनात्मक कार्यों में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सफल व्यक्ति की उपलब्धि के पीछे कठिन परिश्रम, त्याग, तपस्या और संघर्ष की लंबी यात्रा होती है। उन्होंने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायी संदेश ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए’ को आत्मसात करते हुए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। श्री तोमर ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 की तुलना में एमबीबीएस की सीटों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा एम्स जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों की संख्या भी बढ़ी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में सभी वर्गों के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने तथा युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आवश्यक सुविधाएं, संसाधन एवं उपयुक्त वातावरण उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दे रही है। इसके परिणामस्वरूप सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले अनेक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।

सफलता के लिए मेहनत, सकारात्मक सोच और धैर्य जरूरी-श्रीमती भावना बोहरा

पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने ‘युवा उड़ान 2026’ के आयोजन की सराहना करते हुए जिले के युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और धैर्य जरूरी है। उन्होंने युवाओं से सफल व्यक्तियों के जीवन संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान किया, ताकि उनके संघर्ष और वास्तविक जीवन की परिस्थितियों को समझकर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके। श्रीमती बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने चंद्रयान मिशन, डिजिटल इंडिया सहित विभिन्न पहलों की चर्चा करते हुए कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों के साथ कबीरधाम जिला भी निरंतर आगे बढ़ रहा है। भोरमदेव मंदिर के विस्तारीकरण सहित जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्य इसके उदाहरण हैं।

प्रतिभाओं का सम्मान कर बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं महिलाओं को सम्मानित किया गया। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों तथा जिले के स्व-सहायता समूहों को 17 करोड़ रुपये से अधिक की बैंक क्रेडिट लिंकेज राशि उपलब्ध कराने में योगदान देने वाली बिहान की दीदियों एवं बैंकर्स का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कौशल चंद्रवंशी, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और ‘युवा उड़ान 2026’ के आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, खिलाड़ी, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author