सेवा संकल्प अभियान के तहत गैंदपुर में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शिविर का हुआ आयोजन

कवर्धा, 05 अक्टूबर 2026sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत ग्राम गैंदपुर, विकासखंड सहसपुर लोहारा में क्लस्टर स्तरीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने सहभागिता की। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्री रोशन दुबे, श्री राघवेंद्र वर्मा, श्री नरेश साहू, जिला पंचायत सदस्य श्री राजेंद्र साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा सिंह, श्री बसंत शर्मा, श्री राजेश कौशिक सहित 19 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सुविधाओं को सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय अधिकारी-कर्मचारी पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें। ग्रामीणजन भी शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं और अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराएं।

हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के अंतर्गत सामग्री एवं स्वीकृति संबंधी दस्तावेज वितरित किए गए। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 05 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, 05 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 04 हितग्राहियों को जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र तथा बैंक लिंकेज के अंतर्गत 05 हितग्राहियों को ऋण वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 03 किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट, 02 हितग्राहियों की गोद भराई एवं 02 बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। साथ ही 01 सुपरवाइजर को सम्मान प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

इसी क्रम में 02 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, श्रम विभाग द्वारा 02 श्रम कार्ड, राजस्व विभाग द्वारा 02 डुप्लीकेट ऋण पुस्तिका तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 03 स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

शिविर में प्राप्त हुए 51 आवेदन

‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के अनुरूप आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 51 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं शिकायत से संबंधित कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू की गई। शिविर में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवकुमार साहू, तहसीलदार श्री विवेक गोहिया, श्री तांजय नागेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया गया।

About The Author