कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बच्चों के लिए उपलब्ध कराई खिलौना एवं खेल सामग्री

कवर्धा, 05 अक्टूबर 2026/sns/- खेल से ही सीखने की मजबूत नींव पड़ती है और खिलौने बचपन की मुस्कान हैं की भावना के साथ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए खिलौना संग्रह अभियान का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस अभियान में देखते ही देखते खिलौना बैंक में समुदाय की ओर से बड़ी संख्या में उपयोगी एवं सुरक्षित खिलौने प्राप्त होने लगे। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बच्चों के लिए खिलौना एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराई। नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए बच्चों के लिए अपनी ओर से खिलौने प्रदान किए।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि यदि वे स्वेच्छा से 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए उपयोगी एवं सुरक्षित खिलौने अथवा खेल सामग्री देना चाहते हैं, तो इस अभियान में सहयोग करें। नागरिकों द्वारा दिए गए खिलौनों एवं खेल सामग्री का उपयोग आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की आयु एवं आवश्यकता के अनुरूप किया जाएगा। इस पहल से आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को खेल-खेल में सीखने के साथ ही उनकी कल्पनाशक्ति, सृजनात्मकता एवं सामाजिक कौशल के विकास के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे। ‘खिलौना बैंक’ के माध्यम से समुदाय की सहभागिता से बच्चों के लिए खुशियों और सीखने का वातावरण तैयार करने की दिशा में सार्थक पहल की जा रही है।
खिलौना संग्रह अभियान का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए अतिरिक्त खेल सामग्री उपलब्ध कराना तथा उनकी खुशियों से समुदाय को जोड़ना है। खिलौना बैंक के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर मिलेगा। इससे बच्चों में साझेदारी एवं सहयोग की भावना विकसित होने के साथ ही प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी। खिलौना बैंक में खिलौने देने के लिए लोगों का लगातार पहुंचना जारी रहा। कोई मिकी माउस लेकर पहुंचा, तो कोई गुड्डे-गुड़िया, किसी ने बिल्डिंग ब्लॉक दिए तो किसी ने बैट-बॉल। नागरिकों द्वारा दिए गए ये खिलौने बच्चों के प्रति उनके स्नेह और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को दर्शाते हैं।

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने भी खिलौने किए भेंट

खिलौना संग्रह अभियान की पहल को आगे बढ़ाते हुए कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति भी 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न उपयोगी खिलौने लेकर पहुंचीं और उन्हें खिलौना बैंक को भेंट किया। उन्होंने नागरिकों द्वारा अभियान में दिखाई गई सहभागिता की सराहना की और बच्चों के लिए उपयोगी खेल सामग्री उपलब्ध कराने में सामुदायिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर निभाई भागीदारी

खिलौना संग्रह अभियान में शहर के विभिन्न क्षेत्रों के आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय सोसायटियों ने उत्साहपूर्वक योगदान दिया। एकत्रित खेल सामग्री में सॉफ्ट टॉयज, पजल, शैक्षणिक बोर्ड गेम्स सहित विभिन्न प्रकार की खेल एवं सीखने की सामग्री शामिल रही। नागरिकों के निःस्वार्थ सहयोग से खिलौना संग्रह अभियान को व्यापक जनभागीदारी मिली। आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए एकत्रित ये खिलौने महज खेल सामग्री नहीं, बल्कि उनके बेहतर बचपन, सीखने के अवसर और चेहरे पर मुस्कान लाने का माध्यम बनेंगे। सेवा संकल्प अभियान के तहत समुदाय की यह सहभागिता बच्चों के उज्ज्वल एवं खुशहाल बचपन की दिशा में एक सार्थक पहल है।

About The Author