विकसित भारत संकल्प सभा: 7 अक्टूबर को पुलिस ग्राउंड खोखरा जांजगीर में होगा मुख्य आयोजन
जांजगीर-चांपा, 6 अक्टूबर 2026/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ 7 अक्टूबर को कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिले में कार्यक्रम का मुख्य आयोजन पुलिस ग्राउंड, खोखरा जांजगीर में प्रातः 9 बजे से होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं राज्यसभा सांसद श्री नितिन नवीन वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री के संबोधन से पूर्व विभिन्न सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरू खुशवंत साहेब एवं अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग डॉ वर्णिका शर्मा व स्थानीय जनप्रतिनिधि अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर 76×76 फीट क्षेत्र में ‘सेवा के रंग’ की भव्य रंगोली बनेगी। विशाल रंगोली के माध्यम से सेवा, समर्पण, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के पश्चात सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। सेवा ज्योति कलश यात्रा के माध्यम से सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यात्रा पुलिस ग्राउंड खोखरा से प्रारंभ होकर कचहरी चौक, बीटीआई चौक, नेताजी चौक, शारदा चौक होते हुए वापस कचहरी चौक स्थित सांस्कृतिक भवन पहुंचेगी। कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।