जल जीवन मिशन से भाग्य लक्ष्मी टंडन के घर तक पहुंचा पानी

मुंगेली, 08 अक्टूबर 2026/sns/- जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों तक घर-घर नल कनेक्शन पहुंचाने का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त जल की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके दैनिक जीवन को आसान बनाना है। मुंगेली विकासखंड के ग्राम केशरूवाडीह निवासी भाग्य लक्ष्मी टंडन के जीवन में भी घर तक नल से पानी पहुंचने के बाद सकारात्मक बदलाव आया है। भाग्य लक्ष्मी टंडन ने बताया कि जल जीवन मिशन से पहले घरेलू जरूरतों के लिए पानी लाने उन्हें दूर जाना पड़ता था। पानी लाने में काफी समय और शारीरिक श्रम लगता था। रोजमर्रा के घरेलू कार्यों के बीच पानी की व्यवस्था करना उनके लिए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी थी। कई बार पानी लाने में लगने वाले समय के कारण अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी पर्याप्त समय नहीं मिल पाता था।
जल जीवन मिशन के तहत घर में नल कनेक्शन मिलने के बाद भाग्य लक्ष्मी टंडन को पानी के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिली है। अब घरेलू उपयोग के लिए पानी घर पर ही उपलब्ध होने से समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। वह बताती हैं कि पहले जहां पानी की व्यवस्था के लिए अलग से समय देना पड़ता था, वहीं अब बचा हुआ समय घरेलू कार्यों और परिवार से जुड़े अन्य जरूरी कामों में लगाया जा सकता है। घर तक पानी की सुविधा ने उनकी दिनचर्या को अधिक सहज और सुविधाजनक बनाया है। गांव में घर-घर नल कनेक्शन पहुंचने से ग्रामीण परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।

About The Author