पहल कार्यक्रम के तहत प्रतियोगी परीक्षा के प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा का पाठ
मुंगेली, 12 अक्टूबर 2026/sns/- जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल राम रावटे के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय स्थित बिलासपुर पीसीएस कोचिंग संस्थान में ‘पहल’ कार्यक्रम के अंतर्गत साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन ठगी से बचाव और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बदलते डिजिटल परिवेश में साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से निशाना बनाते हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव के प्रभावी उपाय हैं। साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अनजान कॉल, संदिग्ध संदेशों, फर्जी लिंक और ऑनलाइन भुगतान से जुड़ी धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, पासवर्ड या अन्य संवेदनशील विवरण साझा नहीं करना चाहिए।
प्रतिभागियों को सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने, मजबूत पासवर्ड रखने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की स्थिति में तत्काल संबंधित माध्यमों से शिकायत करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी का शिकार होने पर शीघ्र सहायता के लिए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना और उन्हें अपने परिवार एवं समाज में भी डिजिटल सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित करना रहा। विद्यार्थियों को समझाया गया कि इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं का उपयोग करते समय सावधानी बरतना आवश्यक है। जागरूकता के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी की घटनाओं से बचाव किया जा सकता है। कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर श्री नवीन जांगड़े, सहायक उपनिरीक्षक श्री मधुकर रात्रे एवं श्रीमती बबीता श्रीवास सहित साइबर टीम के सदस्य उपस्थित रहे। कोचिंग संस्थान की ओर से शिक्षक श्री अमित कुमार, श्री अमित पटेल एवं श्रीमती अनामिका वैष्णव ने भी सहभागिता निभाई।