विकसित भारत 2047 अंतर्गत 14 अक्टूबर को होगा ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम

मुंगेली, 12 अक्टूबर 2026/sns/-  छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश के युवाओं को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत विजन 2047’ से जोड़ने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन 14 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11.45 बजे से जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभाकक्ष में किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर होंगे। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिभाशाली एवं ऊर्जावान युवा शामिल होकर राष्ट्र निर्माण, विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के कक्षा 9वीं से 11वीं तक के मेधावी विद्यार्थी, महाविद्यालयीन प्रावीण्य छात्र, कला, साहित्य, संस्कृति एवं खेल के क्षेत्र में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले युवा शामिल होंगे। इसके साथ ही खेल अकादमियों के प्रशिक्षणार्थी, यूपीएससी एवं सीजीपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी, इंजीनियरिंग, मेडिकल, कृषि, पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई के विद्यार्थी भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। इसके अलावा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, सामाजिक कार्यकर्ता, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थी, छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थी, दिव्यांगजनों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
वरिष्ठ खेल अधिकारी ने बताया कि लगभग 02 घंटे 10 मिनट की अवधि वाले इस कार्यक्रम में आमंत्रित तीन विषय विशेषज्ञों के लिए 01 घंटा 30 मिनट निर्धारित किया गया है, जबकि युवाओं के साथ संवाद, प्रश्नोत्तर एवं सुझाव के लिए 40 मिनट का समय रखा गया है। परिचर्चा में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी कार्यों, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ तथा ‘विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत’ के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को देश और प्रदेश के विकास की प्राथमिकताओं से जोड़ने, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करने तथा विकास प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जाएगा।

About The Author