सेवा की कहानी: दलहन-तिलहन उत्पादक किसानों को उपज का मिलेगा उचित मूल्य

अम्बिकापुर, 13 अक्टूबर 2026/sns/-   सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और दलहन-तिलहन की खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में विकासखंड के कृषक मित्रों एवं किसानों को प्राइस सपोर्ट स्कीम (पीएसएस) के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। योजना का उद्देश्य दलहन एवं तिलहन उत्पादक किसानों को निर्धारित समर्थन मूल्य का लाभ दिलाना तथा उनकी उपज के विपणन के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

’समर्थन मूल्य पर उपज विक्रय से किसानों को मिलेगा आर्थिक लाभ’
प्राइस सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत पात्र दलहन एवं तिलहन फसलों की निर्धारित शर्तों के अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था की जाती है। इसका उद्देश्य बाजार में उपज के मूल्य में गिरावट की स्थिति में किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाना और उनकी फसल का उचित मूल्य सुनिश्चित करना है।

कृषि विभाग द्वारा किसानों को बताया गया कि योजना के तहत अधिसूचित फसलों की खरीदी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाती है। आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से उपज विक्रय की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी गई। इससे किसानों को अपनी उपज के विपणन और समर्थन मूल्य का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

’कृषक मित्रों को दी गई योजना की विस्तृत जानकारी’
कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जे. आलम ने प्राइस सपोर्ट स्कीम के उद्देश्य, महत्व और किसानों को मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दलहन एवं तिलहन की खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना योजना का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने कृषक मित्रों को योजना की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक किसानों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान किसानों को समर्थन मूल्य आधारित खरीदी व्यवस्था तथा सहकारी समितियों के माध्यम से उपज विक्रय की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।

’दलहन-तिलहन की खेती से आय बढ़ाने के अवसर’
कृषि विभाग द्वारा किसानों को दलहन एवं तिलहन फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन फसलों की खेती से किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने और कृषि आय के अतिरिक्त अवसर विकसित करने में सहायता मिल सकती है। वहीं समर्थन मूल्य आधारित खरीदी व्यवस्था से पात्र किसानों को उपज का निर्धारित मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

’किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर’
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में कृषक मित्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। कृषक मित्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया, ताकि पात्र किसान प्राइस सपोर्ट स्कीम के प्रावधानों को समझकर इसका लाभ उठा सकें।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में कृषि विभाग की यह पहल दलहन-तिलहन उत्पादन को प्रोत्साहन देने, किसानों को उचित मूल्य दिलाने तथा कृषि आधारित आजीविका को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

About The Author