सेवा की कहानी: अड़ची में तालाब निर्माण से बदली रोजगार की तस्वीर

अम्बिकापुर, 13 अक्टूबर 2026/sns/-    गांव में ही रोजगार मिले और खेती-किसानी के लिए पानी की सुविधा भी विकसित हो, इसी उद्देश्य को साकार कर रहा है अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत अड़ची में निर्माणाधीन नवीन तालाब। विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी के तहत इस कार्य से 100 से अधिक ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल रहा है। वहीं तालाब निर्माण पूरा होने पर आसपास के खेतों में सिंचाई और पशुओं के लिए पानी की सुविधा उपलब्ध होगी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत यह कार्य ग्रामीण रोजगार और जल संरक्षण को एक साथ बढ़ावा देने का उदाहरण बन रहा है।

गांव में रोजगार के साथ तैयार हो रहा जल संरक्षण का स्थायी संसाधन
वित्तीय वर्ष 2026-27 में ग्राम पंचायत अड़ची में नवीन तालाब निर्माण के लिए 6 लाख 33 हजार 912 रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। तालाब की खुदाई में 100 से अधिक ग्रामीण श्रमिक कार्य कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध हो रहा है। तालाब में वर्षा जल का संग्रहण होने से आसपास की कृषि भूमि में सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता बेहतर होगी। साथ ही पशुपालन करने वाले परिवारों को भी इसका लाभ मिलेगा।

डिजिटल उपस्थिति से रोजगार कार्यों में पारदर्शिता
तालाब निर्माण कार्य में श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (NMMS) ऐप का उपयोग किया जा रहा है। फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से श्रमिकों की पहचान और उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाया जा रहा है। डिजिटल निगरानी से कार्यस्थल पर श्रमिकों की उपस्थिति का रिकॉर्ड संधारित करने और रोजगार कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सहायता मिल रही है।

रुक्मनिया यादव बोलीं-गांव में काम भी मिला, तालाब बनने से खेतों को भी मिलेगा पानी

ग्राम पंचायत अड़ची की निवासी रुक्मनिया यादव तालाब निर्माण कार्य में मजदूरी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि गांव में ही रोजगार मिलने से ग्रामीणों को लाभ हो रहा है। रोजगार के दिनों में 100 से 125 दिन तथा मजदूरी दर में 261 रुपये से 300 रुपये की बढ़ोतरी पर उन्होंने खुशी जताई।

रुक्मनिया ने कहा कि तालाब बनने से आसपास के खेतों में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। गांव के गाय-बैल और अन्य मवेशियों के लिए भी पानी उपलब्ध होगा। इससे खेती-किसानी और पशुपालन में सुविधा होगी। उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

रोजगार के साथ गांव की भविष्य की जरूरतों को भी मिलेगा सहारा

अड़ची में तालाब निर्माण से ग्रामीणों को वर्तमान में रोजगार मिलने के साथ भविष्य के लिए जल संरक्षण की सुविधा विकसित हो रही है। इससे वर्षा जल का उपयोग कृषि और पशुपालन में किया जा सकेगा। वीबी-जी राम जी के तहत रोजगार सृजन, जल संरक्षण और डिजिटल उपस्थिति व्यवस्था का समन्वय ग्रामीण विकास को नई दिशा दे रहा है।

About The Author