01 नवंबर से खुलेगा अचानकमार टाइगर रिजर्व
मुंगेली, 13 अक्टूबर 2026/sns/- वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति के करीब समय बिताने के इच्छुक पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। अचानकमार टाइगर रिजर्व में आगामी 1 नवंबर से जंगल सफारी शुरू होने जा रही है। सफारी शुरू होने से पर्यटक एक बार फिर जंगल की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध वन्यजीव संसार को करीब से देखने का अनुभव ले सकेंगे। पर्यटकों की सुविधा के लिए टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा सफारी वाहनों, ऑनलाइन अग्रिम बुकिंग और ठहरने की व्यवस्था की गई है। सफारी के लिए पर्यटकों को जिप्सी के साथ ‘महारानी’ और ‘योद्धा’ नामक वाहनों की सुविधा उपलब्ध होगी। पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार अग्रिम बुकिंग कराकर जंगल सफारी का आनंद ले सकते हैं। सफारी बुकिंग और पर्यटन से संबंधित जानकारी के लिए प्रबंधन ने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं।
बैगा रिसॉर्ट शिवतराई में ठहरने की सुविधा
अचानकमार घूमने आने वाले पर्यटकों के ठहरने के लिए शिवतराई स्थित बैगा रिसॉर्ट में 14 सामान्य कमरे और 04 प्रीमियम कमरे उपलब्ध हैं। पर्यटक रिसॉर्ट एवं सफारी से संबंधित बुकिंग और अन्य जानकारी आधिकारिक वेबसाइट www.achanakmartigerreserve.com के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। अग्रिम बुकिंग कराने से पर्यटकों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में सुविधा होगी।
समृद्ध वन्यजीव और प्राकृतिक सुंदरता है खास आकर्षण
अचानकमार टाइगर रिजर्व लगभग 914.017 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। वर्ष 2009 में इसे टाइगर रिजर्व घोषित किया गया था। यहां बाघ, गौर, भारतीय तेंदुआ, भालू, कोटरी, चीतल, जंगली सूअर, सोनकुत्ता और सियार सहित अनेक वन्यजीव पाए जाते हैं। जंगल की जैव विविधता और प्राकृतिक वातावरण इसे वन्यजीव प्रेमियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनाते हैं।
सड़क और रेल मार्ग से पहुंचना सुविधाजनक
अचानकमार टाइगर रिजर्व के शिवतराई सफारी गेट तक सड़क मार्ग से पहुंचा जा सकता है। रेल मार्ग से आने वाले पर्यटकों के लिए बिलासपुर और करगी रोड कोटा प्रमुख नजदीकी रेलवे स्टेशन हैं। बिलासपुर से सड़क मार्ग द्वारा शिवतराई पहुंचने की सुविधा भी उपलब्ध है।
बुकिंग और जानकारी के लिए संपर्क करें
पर्यटकों की सुविधा के लिए अचानकमार टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा निम्न संपर्क नंबर जारी किए गए हैं। सफारी बुकिंग एवं पर्यटन संबंधी जानकारी के लिए सम्पर्क नम्बर 8109740012 तथा बुकिंग काउंटर एवं लोकेशन संबंधी जानकारी के लिए 7067912356 नम्बर पर सम्पर्क किया जा सकता है। पर्यटक जंगल सफारी पर आने से पहले बुकिंग, उपलब्धता और अन्य आवश्यक जानकारियां आधिकारिक वेबसाइट या जारी संपर्क नंबरों से प्राप्त कर सकते हैं।