लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित कर


बीजापुर, 13 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री विश्वदीप ने जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा  की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से जुड़े प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कलेक्टर श्री विश्वदीप ने पारस पोर्टल में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित आवेदनों एवं प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। बैठक में राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध कराने के लिए प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के परीक्षण एवं आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर सहायता मिल सके।

कलेक्टर ने किसानों के फार्मर रजिस्ट्री एवं एग्रीस्टेक पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसानों के भूमि संबंधी अभिलेखों को अद्यतन करने के निर्देश दिए। साथ ही पंजीयन के दौरान आने वाली तकनीकी एवं दस्तावेज संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा। स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति संबंधी अभिलेखों के अद्यतन एवं योजना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को योजना का लाभ मिल सके।

बैठक में कलेक्टर ने मतदाता पहचान पत्र से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी पात्र ग्रामीणों का मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा वोटर आईडी कार्ड बनवाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों के पात्र नागरिकों तक पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता पंजीयन से वंचित न रहे। सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के अधिकारी जब भी गांवों के भ्रमण पर जाएं, तो प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से अनिवार्य रूप से संवाद करें। उन्हें आवास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रेरित करें तथा निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं की जानकारी लेकर उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक पहल करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल आवासों की प्रगति की समीक्षा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि हितग्राहियों की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनका व्यावहारिक समाधान करना भी आवश्यक है। अधिकारी मैदानी भ्रमण के दौरान निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण करें और हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें, जिससे आवास निर्माण की गति बढ़ाई जा सके। कलेक्टर श्री विश्वदीप ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अधिकारी नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण करें, योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करें तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, समस्त अनुभागों के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author