सेवा सेतु से आसान हुई राह, पामगल के कुरसम आनंद राव को अगले ही दिन मिला आय प्रमाण-पत्र
बीजापुर, 13 अक्टूबर 2026/sns/- जिला प्रशासन बीजापुर की डिजिटल जनसेवा पहल ’’सेवा सेतु’’ ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के लिए सुविधाजनक साबित हो रही है। इसके माध्यम से लोगों को आय, जाति, निवास सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ सरल एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी कड़ी में भोपालपटनम तहसील अंतर्गत ग्राम पामगल निवासी कुरसम आनंद राव को आवेदन के अगले ही दिन आय प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ। कुरसम आनंद राव ने 30 सितंबर 2026 को सेवा सेतु के माध्यम से आय प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन किया था। उनके आवेदन क्रमांक 0706012618009545 का अनुमोदन 01 अक्टूबर 2026 को कर दिया गया। इस प्रकार आवेदन के अगले ही दिन प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया पूरी होने से उन्हें समय पर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त हो गया।
घर के नजदीक मिल रही सुविधा, समय और भागदौड़ की बचत- पहले ग्रामीणों को छोटे-छोटे शासकीय कार्यों एवं आवश्यक प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए तहसील कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। अब सेवा सेतु की डिजिटल व्यवस्था से आवेदन की प्रक्रिया आसान हुई है। इससे ग्रामीणों के समय और आने-जाने के खर्च की बचत हो रही है। कुरसम आनंद राव के आय प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया पूरी कराने में सेवा सेतु मैनेजर श्री सुरेश कवटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सहयोग से आवेदन की प्रक्रिया समय पर पूरी हुई और हितग्राही को सुविधा प्राप्त हुई। जिला प्रशासन की सेवा सेतु पहल दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक शासकीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में सहायक बन रही है। डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से नागरिकों को आवश्यक प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध होने से जनसेवा की प्रक्रिया अधिक सरल, सुलभ और सुविधाजनक हो रही है।