जिला चिकित्सालय के आयुष विंग के नवीनीकृत भवन का हुआ शुभारंभ
अम्बिकापुर, 14 अक्टूबर 2026/sns/- अम्बिकापुर में जिला चिकित्सालय स्थित आयुष विंग के नवीनीकृत भवन का बुधवार को शुभारंभ किया गया। जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन में यह कार्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) मद के अंतर्गत प्राप्त सहयोग राशि से संपन्न कराया गया है। नवीनीकृत भवन के माध्यम से आयुष विंग में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ रोगियों को बेहतर वातावरण में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। विशेष रूप से पंचकर्म चिकित्सा जैसी पारंपरिक उपचार पद्धतियों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाओं का विकास, रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में सहायक होगा। यह पहल जिला चिकित्सालय में आयुष चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, सुदृढ़ीकरण एवं जनसामान्य तक पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की बेहतर पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
शुभारंभ अवसर में उपस्थित नगर निगम सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने आयुष विंग में संचालित पंचकर्म चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया।
शुभारंभ अवसर पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अविनाश मेश्राम, मेडिकल कॉलेज के एम.एस. डॉ. आर. सी. आर्या, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे. एस. सरूता, सिविल सर्जन डॉ. जे. के. रेलवानी तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. शशिबाला जायसवाल, जिला चिकित्सालय से डॉ. जी. के. दामले एवं डॉ. पी. के. सिन्हा तथा आयुष विंग से डॉ. संध्या पांडे, डॉ. नम्रता सिंह, डॉ. कृष्ण कुमार साहू एवं डॉ. ज्योति गुप्ता सहित आयुष विंग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।