मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना से मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा प्रोत्साहन

सुकमा, 14 अक्टुबर 2026/sns/- अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मान देने और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना 2026-27 के तहत पंजीयन एवं सत्यापन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से प्राप्त कक्षा 12वीं के मेरिट विद्यार्थियों की सूची संबंधित संस्थाओं को उपलब्ध करा दी गई है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 8 अक्टूबर से राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर पंजीयन एवं सत्यापन की लिंक सक्रिय की गई है। योजना के अंतर्गत पात्र 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
   पारदर्शी प्रक्रिया और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर देते हुए प्रशासन ने संबंधित शैक्षणिक संस्थाओं को पात्र विद्यार्थियों के आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा के रोल नंबर के माध्यम से पंजीयन कर आवश्यक जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, महाविद्यालय का बोनाफाइड प्रमाण पत्र, फीस रसीद, बैंक खाते की जानकारी सहित अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे। शाला स्तर पर सत्यापन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आवेदनों की जांच कर पात्र प्रकरणों को लोक शिक्षण संचालनालय भेजा जाएगा। इससे योजना का लाभ सही पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
   प्रशासन ने 31 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अंतरिम मेरिट सूची, दावा-आपत्ति और अंतिम चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित लक्ष्य एवं उपलब्ध बजट के अनुरूप पात्र विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। प्रशासन की यह पहल मेधावी विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने, उनकी उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने और शासकीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विद्यार्थियों एवं संबंधित संस्थाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करें, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

About The Author