बीजापुर के खिलाड़ियों ने लहराया परचम, राज्य स्तरीय सॉफ्टबॉल में जीते दो पदक
बीजापुर 13 अक्टूबर 2026/sns/- सारंगढ़ में 4 से 7 अक्टूबर तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में बीजापुर जिले के सॉफ्टबॉल खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक वर्ग में बीजापुर की टीम ने रजत पदक तथा बालिका वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिले के छह खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तरीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बीजापुर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और संघर्षशीलता का परिचय देते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में पदक हासिल करने के साथ ही छह खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना जिले के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगे बीजापुर के छह खिलाड़ी- राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में बालक वर्ग से लक्ष्य निषाद, शाहिल निषाद एवं मनीष वाचम तथा बालिका वर्ग से अनुराधा कोवासी, शिल्पा मरपाली एवं ज्योति ओयाम शामिल हैं। ये खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बीजापुर जिले और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, लगन और प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। दूरस्थ वनांचल क्षेत्र बीजापुर के खिलाड़ियों ने साबित किया है कि प्रतिभा किसी क्षेत्र या संसाधनों की मोहताज नहीं होती। दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और उचित अवसर मिलने पर ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाएं भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना सकती हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कलेक्टर श्री विश्वदीप ने सभी पदक विजेता एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री मुकेश कुमार देवांगन एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश कुमार पांडे तथा बीजापुर जिले के श्रम निरीक्षक एवं सॉफ्टबॉल के अंतरराष्ट्रीय कोच श्री सोपान करणेवार उपस्थित रहे।