प्रयास आवासीय विद्यालय अम्बिकापुर में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए 16 अक्टूबर को चतुर्थ ओपन काउंसलिंग
अम्बिकापुर, 15 अक्टूबर 2026/sns/- आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालय (घंघरी) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु चतुर्थ ओपन काउंसलिंग का आयोजन 16 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। काउंसलिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर आयोजित होगी। इच्छुक एवं पात्र छात्र-छात्राओं को निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य है।
आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, नवा रायपुर द्वारा जारी पत्र के अनुसार काउंसलिंग 16 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। काउंसलिंग का स्थान कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर, अटल नगर, ब्लॉक-5, तृतीय तल, हॉल नंबर-4 निर्धारित किया गया है। काउंसलिंग से संबंधित तिथि एवं जानकारी विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर भी प्रदर्शित की गई है।
काउंसलिंग में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने की अंकसूची (न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक), पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा संबंधित पात्रता के अनुसार विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। अल्पसंख्यक वर्ग के अंतर्गत पात्रता का दावा करने वाले विद्यार्थियों को 10 रुपये के गैर-न्यायिक स्टाम्प पेपर पर नोटरी द्वारा सत्यापित प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
विशेष श्रेणी के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को अपनी संबंधित पात्रता के समर्थन में प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य है। इसमें दिव्यांग विद्यार्थी, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ बच्चे, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा देश की रक्षा करते हुए अथवा कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, सशस्त्र बल के जवानों के बच्चे शामिल हैं। संबंधित श्रेणी का प्रमाण पत्र काउंसलिंग के समय प्रस्तुत करना होगा।
काउंसलिंग के बाद प्रवेश के लिए पात्र पाए जाने वाले विद्यार्थियों को दो दिवस के भीतर संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उपलब्ध रिक्त सीटों की संख्या में वृद्धि अथवा कमी हो सकती है। इसलिए प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग में उपस्थित हों तथा विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी का अवलोकन कर लें।