ग्राम पंचायत कुन्नी में एक्सपोजर विजिट के माध्यम से विद्यार्थियों ने जानी स्थानीय शासन एवं ग्रामीण विकास की जमीनी हकीकत
अम्बिकापुर, 15 अक्टूबर 2026/sns/- राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अम्बिकापुर के सोशल इनोवेशन एंड कम्युनिटी एंगेजमेंट सेल एवं मुहिम फाउंडेशन द्वारा जनपद पंचायत लखनपुर के सहयोग से यूथ लीडरशिप एंड कम्युनिटी एक्शन सर्टिफिकेट कोर्स के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने लखनपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत कुन्नी का भ्रमण कर ग्रामीण जीवन, स्थानीय स्वशासन व्यवस्था एवं सामुदायिक विकास की गतिविधियों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान के साथ जमीनी अनुभवों से जोड़ना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतांत्रिक संस्थाओं, पंचायत प्रशासन और सामुदायिक सहभागिता की भूमिका से परिचित कराना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ग्राम पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों का अवलोकन किया तथा पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं विभिन्न विभागों के मैदानी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली, स्थानीय विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, ग्रामीण आजीविका, सामाजिक कल्याण तथा बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही ग्रामीण विकास में जनभागीदारी, सामुदायिक संस्थाओं की भूमिका तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान की प्रक्रियाओं को समझा।
’शिक्षा को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना आवश्यक दृ प्राचार्य प्रो. सिन्हा’
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराना भी है। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता एवं सामुदायिक सहभागिता की भावना विकसित होती है।
जनपद पंचायत लखनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती खुशबू शास्त्री ने कहा कि ग्रामीण विकास में पंचायत, समुदाय एवं विभिन्न संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवाओं का गांवों में पहुंचकर स्थानीय शासन व्यवस्था एवं विकास प्रक्रियाओं को समझना सराहनीय पहल है। ऐसे अनुभव युवाओं को स्थानीय समस्याओं की पहचान करने तथा उनके समाधान में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।
सोशल इनोवेशन एंड कम्युनिटी एंगेजमेंट सेल के समन्वयक डॉ. दीपक सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक अनुभवों से जोड़ना है। ग्राम पंचायत एवं सामुदायिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक एवं संवेदनशील नेतृत्वकर्ता बनने में सहायक होगा।
मुहिम फाउंडेशन के संस्थापक एवं कार्यकारी निदेशक श्री ऋषिकेश ने कहा कि समुदाय से प्रत्यक्ष जुड़ाव युवाओं में संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता एवं नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। इस प्रकार की गतिविधियां युवाओं को समाज की आवश्यकताओं और चुनौतियों को समझने का अवसर प्रदान करती हैं।
’युवा नेतृत्व और सामाजिक नवाचार को मिल रहा बढ़ावा’
राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अम्बिकापुर में मुहिम फाउंडेशन के सहयोग से यूथ लीडरशिप एंड कम्युनिटी एक्शन सर्टिफिकेट कोर्स संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों को युवा नेतृत्व, 21वीं सदी के आवश्यक कौशल, सामुदायिक सहभागिता, सामाजिक नवाचार एवं शोध से संबंधित विषयों पर प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव प्रदान किए जा रहे हैं।
इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में ज्ञान, कौशल, मानवीय मूल्यों एवं नागरिक जागरूकता का विकास कर उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार बनाना है, ताकि वे सामुदायिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समावेशी एवं सहभागी समाज के निर्माण में अपना योगदान दे सकें।