ग्राम ढोडिया में कृषि सूचना केन्द्र का हुआ शुभारंभ
राजनांदगांव, 15 अक्टूबर 2026/sns/- पंडित शिव कुमार शास्त्री कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र सुरगी राजनांदगांव के बीएससी कृषि चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम ढोडिया में कृषि सूचना केन्द्र का शुभारंभ किया गया। महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. विनम्रता जैन ने कहा कि कृषि सूचना केंद्र के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी, नवीन कृषि पद्धतियों एवं वैज्ञानिक सलाह उपलब्ध कराया जाएगा तथा विद्यार्थियों को ग्रामीण परिवेश में व्यावहारिक कृषि अनुभव मिलेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के किसानों को कृषि संबंधी जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त होगा। साथ ही विद्यार्थियों को किसानों के साथ प्रत्यक्ष रूप से कार्य करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा किसानों एवं ग्रामीणों के लिए विभिन्न कृषि आधारित मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने प्रदर्शित मॉडलों के माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल उत्पादन, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा कृषि की नवीनतम विधियों के संबंध में किसानों को जानकारी दी गई। अतिथियों एवं ग्रामीणों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए कृषि मॉडलों का अवलोकन किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर रावे समन्वयक डॉ. शिवाजी लिमजे, प्राध्यापक- डॉ. नितिन तुर्रे, डॉ. मनोज कुमार चंद्राकर, डॉ. द्विवेदी प्रसाद, डॉ. डिकेश्वर निषाद, डॉ. पूजा साहू, डॉ. महेंद्र कुमार देशमुख, डॉ. संतोष, डॉ. शिशिर प्रकाश शर्मा, ग्राम ढोडिया के सरपंच श्री ढिल्लूराम साहू, पंचगण एवं ग्रामीण उपस्थित थे।