जिला स्तरीय युवा उत्सव 29 अक्टूबर को कवर्धा में, 9 विधाओं में प्रतिभाएं दिखाएंगी हुनर
कवर्धा, 23 अक्टूबर 2026/sns/- खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 29 अक्टूबर को शारदा संगीत महाविद्यालय, कवर्धा में किया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस उत्सव में जिले के युवा विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
जिला स्तरीय युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष तक के प्रतिभागी तथा 18 से 40 वर्ष तक के संगतकार शामिल हो सकेंगे। आयोजन में विकसित भारत चौलेंज ट्रैक, लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चौलेंज, पारंपरिक वेशभूषा और रॉकबैंड सहित कुल 9 विधाएं निर्धारित की गई हैं। प्रत्येक जिले से निर्धारित संख्या में प्रतिभागियों को अवसर दिया जाएगा। इन विधाओं में लोक नृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक में दो-दो दलों के माध्यम से कुल 20-20 प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। विकसित भारत चौलेंज ट्रैक में 6, चित्रकला, कविता लेखन, क्रिएटिव यूथ रील चौलेंज और पारंपरिक वेशभूषा में दो-दो प्रतिभागियों को शामिल किया जाएगा। रॉकबैंड का आयोजन केवल राज्य स्तर पर किया जाएगा।
एक प्रतिभागी केवल एक विधा में ले सकेगा भाग
आयोजन के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक विधा में ही हिस्सा ले सकेगा। प्रतिभागियों को संबंधित विधा के लिए आवश्यक वाद्य यंत्र एवं सामग्री स्वयं लेकर आनी होगी। जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। विकासखंड स्तर से जिला स्तर तक प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को यात्रा व्यय भी दिया जाएगा। जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 29 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शारदा संगीत महाविद्यालय, कवर्धा में किया जाएगा। युवा उत्सव के माध्यम से जिले के युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही लोक कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहन देने में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।