कलेक्टर-एसपी ने ली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
जांजगीर-चांपा, 26 अक्टूबर 2026/sns/- जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के संबंध में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली।
बैठक में दुर्घटनाओं की आशंका वाले क्षेत्रों और चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा एवं सभी आवश्यक सुधार प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन स्थानों पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, कैट आई और रम्बल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए। रात के समय बेहतर दृश्यता के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार सोलर लाइट लगाने के प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा गया। बैठक में सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
सड़क निर्माण कार्यों के दौरान जरूरत के मुताबिक रूट डायवर्सन की व्यवस्था करने कहा। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन मार्गों पर वाहन चालकों को परेशानी न हो, इसके लिए यातायात संचालन की उचित योजना बनाई जाए। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर आवागमन में बाधा बन रहे अतिक्रमण को चिह्नित कर हटाने के निर्देश दिए गए। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को आपसी तालमेल से काम करने को कहा गया। बैठक में सड़कों पर आवारा मवेशियों की समस्या पर नियंत्रण, आवश्यक यातायात संकेतक लगाने तथा सुरक्षा उपायों की नियमित निगरानी करने पर भी चर्चा हुई।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को गोल्डन ऑवर के दौरान तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने साथ ही यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालो पर कार्रवाई करनें के निर्देश। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, जिला परिवहन अधिकारी श्री विवेक सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।