जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक संपन्न, गोवंश संरक्षण व गौधाम संचालन पर जोर
मुंगेली, 27 अक्टूबर 2026/sns/- जिले में गोवंशीय पशुओं के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष श्री धनेश साहू ने की। इस दौरान गौधाम संचालन, पशु प्रबंधन, अधोसंरचना विकास एवं विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में गौधाम हेतु स्थानों के चिन्हांकन, संचालन के लिए चयनित संस्थाओं के दायित्व, मानव संसाधन की व्यवस्था, चरवाहा एवं गौ सेवकों की नियुक्ति, पशु नस्ल सुधार कार्यक्रम तथा चारागाह विकास जैसे मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने गौधाम योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना गोवंशीय पशुओं के संरक्षण के साथ-साथ उनके संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि गौधाम संचालन में नियमित निरीक्षण, निर्धारित मापदंडों के अनुरूप मानव संसाधन चयन एवं चारागाह प्रबंधन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं ने बताया कि गौधाम योजना के तहत निराश्रित पशुओं के लिए शेड, पानी, बिजली एवं चारागाह जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 54 गौधाम के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से प्रथम चरण में 13 गौधामों के संचालन हेतु प्रस्ताव अनुमोदित कर आगे की कार्यवाही के लिए प्रेषित किया गया है। बैठक में विभिन्न ग्रामों में आवश्यकता अनुसार गौधाम हेतु भूमि चिन्हांकन पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर गौधाम समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।