वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम में 02 नवंबर को होगा राज्योत्सव का आयोजन
मुंगेली, 27 अक्टूबर 2026/sns/- राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय स्थित बी.आर.साव पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय हिन्दी माध्यम विद्यालय के वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम में 02 नवम्बर को गरिमामय वातावरण में एक दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सशक्त नारी, युवा उड़ान की थीम पर विभिन्न विकास विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विभागीय उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने अधिकारियों को समय पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्यक्रम सफल आयोजन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल में मंच, विद्युत, पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई एवं स्वच्छता, यातायात, कानून व्यवस्था, वाहन पार्किंग, साउण्ड सिस्टम, बैठक व्यवस्था, आमंत्रण कार्ड, फायर ब्रिगेड सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ राज्योत्सव का सफलतापूर्वक आयोजन सम्पन्न कराने कहा है।