आमजनों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता
मुंगेली, 27 अक्टूबर 2026/sns/- आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के समक्ष जिले के विभिन्न ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्र से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। इस दौरान आधार कार्ड निर्माण, अवैध शराब की बिक्री पर रोक, कृषि भूमि का मुआवजा, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, सड़क एवं नाली निर्माण, शिक्षकों की नियुक्ति, शौचालय निर्माण, जमीन के अभिलेखों में सुधार, आवासीय पट्टा, ट्रांसफार्मर, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर श्री तोपनो ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन का उद्देश्य नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर प्रदान करना तथा उनकी मांगों और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना है।
जनदर्शन में ग्राम सोनपुरी के गौतर निषाद ने अपने परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड बनवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम बंधवा की प्रियंका भास्कर ने आधार कार्ड बनवाने तथा ग्राम जमहा की पूर्वा सोनवानी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलाने की मांग रखी। ग्राम नत्थीला के जैतराम ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और ग्राम चिल्फी के धन लाल भास्कर ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने के लिए आवेदन दिया। इसी प्रकार, नगर पालिका मुंगेली के तीरथाराम साहू ने श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने तथा ग्राम पंड़ियाइन के लालाराम गोंड़ ने बैटरी चलित ट्राईसाइकिल दिलाने की मांग रखी। ग्राम कंसारी के राम विहार गंधर्व ने आवासीय पट्टा प्रदान करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
इसी तरह ग्राम पुटूपरा, लोरमी के अंजोरी लाल साहू ने पुल निर्माण से प्रभावित कृषि भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग की। ग्राम मोहभट्ठा के तीर्थ राम साहू ने अपनी जमीन का नकल उपलब्ध कराने तथा ग्राम चरनीटोला की जेठिया बाई ने भूमि के ऑनलाइन रिकॉर्ड में सुधार कराने के लिए आवेदन दिया। ग्राम धोंधापारा के ग्रामीणों ने नवनिर्मित सड़क के किनारे नाली निर्माण कराने की मांग रखी। वहीं, ग्राम अमोरा के निवासियों ने भथरी रोड से कुकुसदा रोड तक सड़क निर्माण कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम मुड़िया के जगजीवन राम ने गांव में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराने की मांग रखी। ग्राम बिरकोनी के ग्रामीणों ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति कराने की मांग की। ग्राम ढाबा के ग्रामीणों ने अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
कलेक्टर श्री तोपनो ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर पात्रता एवं नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण हो तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सुगमता से मिल सके। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, लोरमी एसडीएम श्री अभयजीत सिंह मंडावी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।