बच्चों के आधार नामांकन को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें: कलेक्टर श्री अमित कुमार
सुकमा, 28 अक्टुबर 2026/sns/- जिले में आधार सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न शासकीय विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान जिले में आधार संबंधी गतिविधियों की समीक्षा, विभागीय समन्वय को मजबूत करने तथा नागरिकों तक आधार सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने बच्चों के आधार नामांकन को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा आधार पंजीयन से वंचित न रहे।
बच्चों का समयबद्ध आधार नामांकन सुनिश्चित करने विभागों को दिए निर्देश। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शेष बच्चों का आधार नामांकन समय-सीमा में सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक के अंतर्गत आधार ऑपरेटरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें न्प्क्।प् के सहायक प्रबंधक श्री आशीष कुमार ने आधार संबंधी नवीन दिशा-निर्देशों, तकनीकी प्रक्रियाओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी। प्रशिक्षण के माध्यम से ऑपरेटरों को आधार सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप कार्य करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
बेहतर समन्वय से नागरिकों को मिलेंगी सुगम आधार सेवाएं। कार्यक्रम में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री मोहम्मद शाहिद एवं जिला आधार प्रबंधक श्री वरुण शर्मा उपस्थित रहे। बैठक एवं प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करना, बच्चों के आधार नामांकन में तेजी लाना तथा आधार सेवाओं की गुणवत्ता और कार्यक्षमता में सुधार करना रहा। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर बच्चों को समय पर आधार सेवाओं का लाभ मिले तथा आधार से संबंधित प्रक्रियाएं पारदर्शी, सुगम एवं प्रभावी ढंग से संचालित हों।