86 हजार से अधिक किसानों के खातों में पहुंचे 17.70 करोड़ रुपये

मुंगेली, 30 अक्टूबर 2026/sns/- किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि कार्यों में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले के 86 हजार 231 किसानों के बैंक खातों में 24वीं किश्त के रूप में कुल 17 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देशभर के पात्र किसानों के खातों में योजना की 24वीं किश्त की राशि का हस्तांतरण किया। इस अवसर पर जिले के किसानों ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र, चमारी ढकेलकापा में किया गया। यहां लाभार्थी किसानों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कृषि वैज्ञानिकों एवं बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की। जिला स्तरीय कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, कृषि जनपद पंचायत मुंगेली के सभापति श्री दिलेश्वर राज साहू, जनपद सभापति श्री पवन पाण्डेय, श्री हरिसिंह परिहार, प्रगतिशील कृषक श्री भूपेन्द्र सिंह ठाकुर, उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सतीश वर्मा एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. संतोष लहरे सहित कृषि विभाग एवं मत्स्य विभाग के अधिकारी तथा किसान उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण किसान कल्याणकारी योजना है, जिसका संचालन वर्ष 2019 से किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किश्तों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। योजना के तहत अब तक पात्र किसानों को पहली से 23वीं किश्त तक की राशि का भुगतान किया जा चुका है। अब 24वीं किश्त के हस्तांतरण से किसानों को अतिरिक्त आर्थिक संबल मिला है। छत्तीसगढ़ 24.60 लाख किसानों को पीएम सम्मान निधि की राशि 4.98 करोड़ रूपए उनके खातों में अंतरित की गई।

About The Author